This Scene Of Damini Was The Most Difficult For Meenakshi Seshadri: साल 1993 में आई सनी देओल, मीनाक्षी शेषाद्रि और ऋषि कपूर स्टार फिल्म ‘दामिनी’ दर्शकों को काफी पसंद आई थी। इस फिल्म में सनी देओल और ऋषि कपूर ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दी थी, लेकिन इस फिल्म में सबका ध्यान मीनाक्षी शेषाद्रि ने खींचा था। मीनाक्षी ने इस फिल्म में अपने करियर की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस दी थी। हालांकि, इस फिल्म में दामिनी का किरदार निभाना मीनाक्षी के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। इसी बीच मीनाक्षी ने बताया है कि इस फिल्म में हर एक सीन को परफॉर्म करने के लिए उन्हें काफी सोचना पड़ता था। मीनाक्षी ने बताया कि इस फिल्म में हर एक सीन उनके लिए काफी कठिन था, लेकिन सबसे ज्यादा कठिन ‘पागलखाने वाला सीन’ था।
मीनाक्षी ने हाल ही में ‘सास बहू और बेटियां’ के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में इस पागलखाने वाले सीन के बारे में बताते हुए कहा कि, ‘’दामिनी में मैंने अपना रोल को कैसे निभाया या फिर कैसे इस किरदार को समझा, उसके लिए कोई एक खास तरीका नहीं था। पूरी फिल्म के लिए निर्देशक के साथ बहुत विचार-विमर्श किया गया और कई सारे रिर्हसल भी किए गए। लेकिन एक सीन था फिल्म मैं जहां पर मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि यह सीन कैसे करूं, यह सीन था ‘पागलखाने वाला’ जहां पर दामिनी पागलों की तरह व्यवहार करती है। इस सीन में जब दामिनी दुर्गा मां की झांकी की आवाज सुनती है, तो उसके होश वापस आ जाते हैं।’’
मीनाक्षी ने आगे इसी सीन के बारे में बताते हुए कहा कि, ‘’मुझे इस सीन के लिए कुछ ब्रीफ नहीं दिया गया और सिर्फ मुझे परफॉर्म करने के लिए बोल दिया गया। यह सीन एक-दो मिनट का था और इस सीन में कोई लाइन्स नहीं थी, इसे मुझे अपने तरीके से परफॉर्म करना था। तो इस सीन के लिए मुझे दूसरे लोगों का सहारा लेना पड़ा। मैंने इस सीन के लिए अपनी मम्मी का सहारा लिया। मैंने अपनी मम्मी से कहा कि मुझे यह सीन समझ में आ गया है, लेकिन मैं इसे कर नहीं पा रही हूं। इसके बाद हमने डिस्कशन किया, तो उन्होंने मुझे बताया कि दामिनी एक डांसर है, तो उसे कुछ डांस करना चाहिए और ऐसा सोचना चाहिए कि उसकी बहन के साथ कुछ गलत हुआ है। तो इस सीन के लिए मुझे काफी सोचना पड़ा था।’’

