Ranbir Kapoor On His Father Loss And Animal Connection With It: बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘एनिमल’ को लेकर खबरों में बने हुए हैं। इस फिल्म में एक बेटे और बाप के बीच के प्रेम की कहानी है। इसी बीच रणबीर कपूर ने बताया है कि वे फिल्म एनिमल से अपने आप को काफी ज्यादा कनेक्ट कर पाए, क्योंकि वे अपने पिता ऋषि कपूर के देहांत को ज्यादा अहसास नहीं कर पाए थे।
रणबीर ने हाल ही में Unstoppable With NBK में इस बारे में बताते हुए कहा कि, ‘’मुझे लगता है कि किसी व्यक्ति के जीवन में माता-पिता को खोना हमेशा सबसे बड़ा दुख होता है। इसलिए जब मैंने कुछ साल पहले अपने पिता को खो दिया, तो मुझे नहीं लगता कि मुझे अभी भी उस नुकसान का अहसास हुआ है। क्योंकि बेटा होने के नाते आप जानते हैं, जब से आप पैदा हुए हैं, आपको हमेशा मजबूत बनना सिखाया जाता है। आप बहुत कुछ अभिव्यक्त और कहते नहीं हैं। इसलिए मुझे नहीं पता कि क्या मैंने वास्तव में अपने पिता के निधन के बारे में खुद को या अपने चाहने वालों को खुलकर व्यक्त किया है।’’
रणबीर ने आगे बताया कि फिल्म एनिमल में एक बाप-बेटे की कहानी है, जिससे वे अपने आप को रिलेट कर पाए। रणबीर ने कहा कि, ‘’इस फिल्म में एक बहुत ही मजबूत बाप-बेटे का इमोशन है। और मुझे लगता है कि इसी कारण से मैं अपने आप को इससे कनेक्ट कर पाया। जब में बड़ा हो रहा था तो उस दौरान मैं अपने पिता के बहुत करीब नहीं था क्योंकि मेरे पिता के साथ मेरे रिश्ते वैसे ही थे जैसे उनके पिता के साथ उनके रिश्ते थे। इस रिश्ते में बहुत प्यार और सम्मान था लेकिन दूरियां थीं। ”कहीं न कहीं भारत में बाप-बेटे की केमिस्ट्री थोड़ी खराब है। मैं वास्तव में कहानी के उस हिस्से से जुड़ा हुआ हूं।’’ बता दें कि, रणबीर कपूर की एनिमल 01 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

