When Ajit Warned Shehzad For Mimicking His Voice: आमिर खान की तरह ही हिंदी सिनेमा के मशहूर खलनायक रहे अजीत के बेटे शहजाद खान ने अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत 1988 में रिलीज फिल्म कयामत से कयामत तक से की थी। आमिर खान इस फिल्म की बेजोड़ कामयाबी के बाद स्टार बन गए थे लेकिन शहजाद खान को अपनी जगह बनाने में थोड़ा और संघर्ष करना पड़ता था। वैसे तो इस बीच शाहजाद खान ने कई फिल्में भी की और सोम मंगल शनि नाम की एक फिल्म में बतौर हीरो भी काम किया, लेकिन शोहरत मिली फिल्म अंदाज़ अपना अपना की रिलीज के बाद, जिसमें शहजाद खान ने विकास भल्ला का किरदार निभाया था। विकास भल्ला के इस किरदार में खास बात ये थी कि शहजाद खान ने अपने पिता अजीत की तरह आवाज़ निकाला था। इसे इस तरह समझ सकते हैं कि शहजाद ने तब अंदाज़ अपना अपना में अपने पिता की मिमिक्री की थी। जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था।
शहजाद खान के साथ इस फिल्म में एक तरफ सलमान खान,आमिर खान,रवीना टंडन और करिश्मा कपूर थी, तो वहीं दूसरी ओर परेश रावल, शक्ति कपूर, वीजू खोटे और टीकू तलसानिया जैसे कलाकार थे। इस सब कलाकारों के बीच में शहजाद ने अपनी कॉमेडी और पिता अजीत की आवाज निकालकर शोहरत पाया था। हाल ही में इस फिल्म के 31 साल पूरे हो गए हैं और इस मौके पर फिल्म अंदाज़ अपना अपना को फिल्म प्रोड्यूसर के परिवार ने फिर से रिलीज किया है। रिलीज से पहले फिल्म की क्वालिटी, साउंड पर काफी काम किया गया है और 4 के के रूप में आज के दर्शकों के बीच अब फिल्म उनके सिनेमाघरों में चल रही है। फिल्म की रि-रिलीज के मौके पर शहजाद खान से लहरें ने खास बातचीत की है। इस बातचीत में शहजाद खान ने फिल्म से जुड़ी कई यादों को ताजा किया है।
शहजाद खान लहरें से खास बातचीत के दौरान बताते हैं कि उन्हे फिल्म में साइन ही इसलिए किया गया था कि वो अपने वालिद अजीत की आवाज़ का इस्तेमाल करें। शहजाद इस बारे में बताते हैं कि जब उनकी पहली मुलाकात राजकुमार संतोषी से हुई, तो उनका साफ कहना था कि उन्होने सारे किरदारों के लिए कलाकारों को साइन कर लिया है लेकिन इस किरदार के लिए प्रोड्यूसर विनय कुमार सिन्हा के कहने पर तुमको साइन किया जा रहा है। लेकिन एक शर्त पर…तुमको इस किरदार के लिए अपने पिता अजीत की आवाज़ निकालनी होगी। अब शहजाद ने सोचा कि अभी तक कई किरदार किए लेकिन सफलता नहीं मिली, चलो ये भी करके देखते हैं अपने पिता की आवाज की मिमिक्री करना तो उनके खून में है।
शहजाद खान का ये फैसला काम कर गया और उनकी पहचान इसी फिल्म ने कुछ हद तक फिल्म इंडस्ट्री में बना दी, लेकिन जब वालिद अजीत ने फिल्म देखी, तो वो बेटे शहजाद पर नाराज हो गए और चेतावनी देते हुए कहा कि आइंदा मेरी आवाज़ का इस्तेमाल मत करना बरखुर्दार। शहजाद खान का ये पूरा इंटरव्यू देखने के लिए आप लहरें रेट्रो यूट्यूब चैनल को क्लिक कर सकते हैं या फिर नीचे दिए लिंक पर भी इस बातचीत का आनंद ले सकते हैं।

