Poonam Dhillon On Why She Initially Rejected Noorie: बॉलीवुड में फिल्म त्रिशूल से अपने करियर का आगाज़ करने वाली पूनम ढिल्लन अपनी दूसरी ही फिल्म नूरी की शानदार सफलता से स्टार बन गई थी। यश चोपड़ा की फिल्म नूरी के बाद पूनम ने कई बड़े बैनर्स और बड़े फिल्म सितारों के साथ अपनी जोड़ी बनाई थी। जिसमें राजेश खन्ना से लेकर सनी देओल,जैकी श्रॉफ आदि के साथ पूनम ने फिल्में की थी। फिल्मी कामयाबी के लिहाज से देखा जाए, तो नूरी जैसी सोलो हिट फिल्म पूनम को फिर आगे नहीं मिल पाई। हालाकि उन्होने कई बड़े व मल्टी सितारों से लैस फिल्मों में काम किया था। उन्ही दिनों में लहरें ने यंग पूनम ढिल्लन से खास बातचीत कर ये जानने की कोशिश की थी कि उन्हे मायानगरी की ये दुनिया कैसी लग रही है और यहां काम करके वो कितना संतुष्ट हैं।
पूनम ढिल्लन ने लहरें को बताया कि उनका फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं था। एक मैगजीन में जब उनकी फोटो फिल्म मेकर यश चोपड़ा ने देखा, तो उन्हे अपनी फिल्म त्रिशूल में कास्ट किया। इस बारें में पूनम बताती हैं कि उन्होने शूटिंग के लिए एक शर्त रखी थी, जिसे यश जी ने मान लिया था कि शूटिंग वो सिर्फ छुट्टियों में करेंगी और इसे एक पिकनिक समझकर वापस पढ़ाई में लग जाएंगी। त्रिशूल की शूटिंग के बाद पूनम ढिल्लन ने किया भी ऐसा ही था। कुछ समय बाद जब यश चोपड़ा फिल्म नूरी बनाने लगे, तो उन्हे फिर से पूनम की याद आई और इस बार वो पूनम को हमेशा के लिए मुंबई ले आने का निश्चय कर चुके थे। पूनम इस बारे में कहती हैं कि जब उन्हे दोबारा यश जी की टीम ने फोन किया कि तुम्हे एक फिल्म में यश जी कास्ट करना चाहते हैं, तब हमने इनकार कर दिया और कहा कि फिल्में अब नहीं करनी है। एक पिकनिक समझकर कर लिया।
इस बारे में पूनम आगे कहती हैं कि तब यश जी की टीम ने उनसे कहा कि इस रोल के लिए इंडस्ट्री की 25 हीरोइन्स लाइन में लगी हुई हैं। यश जी के बस इशारे की देर है, लेकिन यश जी तुमको साइन करना चाहते हैं। अब ज्यादा भाव मत खाओ। इसके बाद पूनम ने बड़ी मान मनव्वल के बाद नूरी में काम किया और फिल्म हिट हो गई। फिर पूनम स्टार बन गई और आगे की कहानी बताने की कोई जरूरत नहीं है। पूनम का ये इंटरव्यू आप लहरें के यूट्यूब चैनल लहरें पोडकास्ट पर देख सकते हैं।

