Why Prateik Babbar Did Not Invite Raj Babbar: अभिनेता प्रतीक स्मिता पाटिल ने हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया बनर्जी के साथ फरवरी 2025 में एक निजी समारोह में शादी की। लेकिन जितनी चर्चा इस शादी की तस्वीरों और रोमांटिक पलों की हुई, उतनी ही सुर्खियों में रही एक ग़ैरमौजूदगी, उनके पिता राज बब्बर, सौतेले भाई आर्य बब्बर और बहन जूही बब्बर की। प्रतीक ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उन्होंने यह फैसला पूरी तरह सोच-समझकर और अपनी दिवंगत मां स्मिता पाटिल के सम्मान में लिया था। उन्होंने कहा कि उनकी शादी उसी घर में हुई थी जिसे उनकी मां ने उनके लिए खरीदा था, ताकि वह उन्हें एक अकेली मां के रूप में पाल सकें। ऐसे में राज बब्बर और उनकी पत्नी नादिरा को आमंत्रित करना प्रतीक को “अनैतिक” लगा।
प्रतीक स्मिता पाटिल उर्फ प्रतीक बब्बर ने जूम को हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा कि “मेरे पिता की पत्नी नादिरा और मेरी मां के बीच अतीत में कुछ जटिलताएं थीं। उस घर में उनका आना मेरी मां की यादों और उनके सम्मान के खिलाफ होता। एक्टर ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि यह निर्णय किसी को अस्वीकार करने या नीचा दिखाने के लिए नहीं था, बल्कि एक तरह से उनकी मां की भावनाओं और उनकी जिंदगी के संघर्षों का सम्मान था।
प्रतीक स्मिता बब्बर ने माना कि इस फैसले से उनके पिता और सौतेले भाई-बहनों के साथ रिश्तों में तनाव आ गया है, लेकिन वह अब भी अपने निर्णय को सही मानते हैं। उन्होंने आगे कहा कि “जो हमने किया वो सही था। अगर अब हालात जटिल हैं तो हैं, लेकिन यह मेरे लिए नहीं है। मैं अब भी वैसा ही हूं।
प्रतीक स्मिता पाटिल के पिता राज बब्बर की जिंदगी हमेशा दो परिवारों के बीच बंटी रही है। जब उन्हें 1982 में स्मिता पाटिल से प्यार हुआ तो वो पहले से शादीशुदा थे, उन्होने नादिरा बब्बर से शादी की थी। इसके बाद उन्होंने नादिरा को छोड़कर स्मिता से चुपचाप शादी की और 1986 में प्रतीक का जन्म हुआ। लेकिन स्मिता की अचानक मौत के बाद राज बब्बर नादिरा के पास लौट गए। आपको बता दें कि प्रतीक ने जब शादी में पिता व परिवार को इनवाइट नहीं किया था, तब राज बब्बर और उनके परिवार की ओर से इस पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आईं। उनके बेटे आर्य बब्बर ने इसे “अस्वीकार्य” बताया था। प्रतीक ने इस पर कहा कि लोग आवेग में आकर कुछ भी कह देते हैं, और यह व्यवहार उनके लिए कड़वा अनुभव की तरह रहा था। अब देखना ये है कि प्रतीक के इस नये इंटरव्यू को लेकर राज बब्बर व उनके परिवार की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

