Vinod Rathod On The Decline Of Chartbusters: 90 के दशक में कई सुपरस्टार्स की आवाज़ बन चुके मशहूर प्लेबैक सिंगर विनोद राठौड़ की आवाज़ आज कल की फिल्मों में हमें कम ही सुनाई देती है। पर एक समय ऐसा था जब अधिकतर फिल्म निर्माता विनोद राठौड़ में आवाज़ में गाना रिकॉर्ड करना चाहते थे। बात अगर विनोद के फिल्म सफर के शुरूआत की करें, तो विनोद राठौड़ की आवाज़ को सबसे पहले संगीतकार ऊषा खन्ना ने पहचाना था। इसके बाद 1988 में आई फिल्म विजय व 1989 में रिलीज फिल्म चांदनी में विनोद ने लता मंगेशकर और सुरेश वाडकर के साथ गाने गाए, लेकिन वो 90 का दशक था, जब विनोद राठौड़ ने अनिल कपूर की लीड भूमिका से सजी फिल्म रूप की रानी चोरो का राजा के लिए गाना रिकॉर्ड किया और इसी दौरान शाहरुख खान की फिल्म दीवाना हिट होने से विनोद की आवाज़ को दर्शक चाहने लगे थे। इसके बाद विनोद राठौड़ ने पीछे मुडकर नहीं देखा। उन्होने संजय दत्त, अमिताभ बच्चन व गोविंदा जैसे कई टॉप स्टार्स के लिए गाना गाया और अपनी जगह इस इंडस्ट्री में बनाई।
लहरें से खास बातचीत में विनोद राठौड़ ने इस बारे में बताया था कि जब भी उनके पास कोई गाना आता था, तो वो पहले म्यूजिक डायरेक्टर से मिलकर रियाज़ करते थे और उसके बाद फिल्म अभिनेता को ध्यान में रखकर गाना रिकॉर्ड करते थे। मसलन अगर उन्हे अमिताभ बच्चन के लिए गाना रिकॉर्ड करना है तो उस गाने की पिच ऊपर होगी और काफी ध्यान देना पड़ेगा। इसलिए विनोद कलाकार को ध्यान में रखकर उसके हिसाब से अपने आपको ढाल लेते थे, जैसे एक जमाने में किशोर कुमार और मोहम्मद रफी अपने गानों के लिए करते थे। लहरे से इसी बातचीत में विनोद राठौड़ ने ये बताया कि म्यूजिक डायरेक्टर के साथ गानों की रिकॉर्डिंग के समय तालमेल बहुत जरूरी होता है। ऐसा नहीं है कि संगीतकार कुछ और मांग रहा है और आप अपने हिसाब से गाकर चले गए।
विनोद राठौड़ ने आगे बताया कि जब वो रोड फिल्म के लिए एक गाना रिकॉर्ड करने जा रहे थे। उन्हे मालुम हुआ कि इस फिल्म में विवेक ओबेरॉय के लिए उन्हे गाना रिकॉर्ड करना है। तब विनोद ने उस गाने को उनके हिसाब से गाना रिकॉर्ड किया। इस तरह विनोद राठौड़ ने कई चार्टबस्टर गाना रिकॉर्ड किया था। शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर जैसे कई सितारों की आवाज़ बनने के बाद विनोद राठौड़ गोविंदा की आवाज़ बन गए और गोविंदा के लिए विनोद ने कई कामयाब गीत रिकॉर्ड किया। इनमें राजा बाबू से लेकर राजाजी,हीरो नं.1,अँखियों से गोली मारे,दुल्हे राजा,बनारसी बाबू, साजन चले सुसराल आदि फिल्में शामिल हैं।
गायक विनोद राठौड़ ने इसके अलावा मुन्ना भाई एमबीबीएस,हम दिल दे चुके सनम,देवदास,दीवाना मस्ताना,आर्मी,तेरे मेरे सपने आदि फिल्मों में कई शानदार गीत गाए हैं। प्लेबैक सिंगर विनोद राठौड़ का ये पूरा इंटरव्यू देखने के लिए आप लहरें पोडकास्ट का यूट्यूब चैनल क्लिक कर सकते हैं। या फिर नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर ये बातचीत आप देख सकते हैं।

