R Balki had tears while shooting Rajesh Khanna last ad: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना जिन्होंने अपनी फिल्म से दर्शकों का काफी मनोरंजन किया था। राजेश खन्ना बॉलीवुड के ऐसे पहले एक्टर थे, जिन्हें एक अलग लेवल का ही स्टारडम प्राप्त हुआ था। लेकिन राजेश खन्ना का अंतिम वक्त काफी दुखदायी रहा, अभिनेता का देहांत काफी तन्हाई में हुआ था। इसी बीच निर्देशक आर बाल्की ने राजेश खन्ना के साथ शूट किए उनके आखिरी ऐड के बारे में बताया है, जब अभिनेता की तबियत काफी खराब थी। आर बल्कि ने बताया कि अभिनेता की तबियत काफी खराब थी और उसके बावजूद उन्होंने इस ऐड की शूटिंग की थी।
आर बाल्की ने ‘रेडियो नशा’ को इस ऐड शूट के बारे में बताते हुए कहा कि, ‘’जब मैंने हैवेल्स इस ऐड के लिए राजेश खन्ना को कास्ट करने के बारे में सोचा, तो हैवेल्स ने मेरी पसंद पर सवाल उठाया। तब मैंने कहा था कि मुझे नहीं लगता कि किसी के पास उनके जितने फैंस थे, और मुझे नहीं लगता कि किसी ने उनके जितने फैंस खोए हैं।”
बाल्की ने आगे बताया कि जब वे इस ऐड के सिलसिले में राजेश खन्ना के साथ उनके बंगले आशीर्वाद में मिलने पहुंचे तो उन्होंने राजेश को इस ऐड के बारे में स्पष्ट करते हुए कहा था कि यह ऐड मूल रूप से काका के सुपरस्टारडम पर कटाक्ष था, और यह सुनकर राजेश खन्ना ने कहा, “बाल्की, तुमको लगता है कि अगर मुझमें सेंस ऑफ ह्यूमर नहीं होता तो मैं इतना बड़ा सुपरस्टार होता।”
ऐड के शूट से पहले ही राजेश खन्ना अस्पताल में भर्ती हो गए थे, ऐसे में बाल्की इस शूट को पोस्टपोन करना चाह रहे थे। लेकिन राजेश ने मना कर दिया था। राजेश ने बाल्की को कहा था कि, ‘’बाल्की, मैं आ रहा हूं।” बाल्की ने बताया कि, “उन्होंने सुनिश्चित किया कि उनके पास एक एयर एम्बुलेंस हो। ऐड बेंगलुरु में शूट किया गया था और काका एयरपोर्ट से सेट पर आए थे। वह कमरे में गए। उन्होंने मुझसे कहा कि, ‘बाल्की, मैं रिहर्सल करना चाहता हूं। मैं उनके कमरे में गया। एक आदमी के हाथ में ड्रिप की बोटल थी, एक दूसरे के हाथ में स्टैंड था। वह कमरे में डांस करने की कोशिश कर रहा था मेरी आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा, ‘कल सुबह, मैं तैयार हो जाऊंगा।’’
अंत में बाल्की ने बताया कि फिर उन्होंने अगले दिन ऐड को शूट किया और एक-डेढ़ घंटे में एट की शूटिंग हो गई थी। राजेश खन्ना ने दो टेक दिए थे और बाल्की को बोला था कि अगर वो ठीक होते तो एक और टेक दे देते।

