Mohd Zeeshan Ayyub And Rasika Recall Struggle Period: अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब और उनकी वाइफ रसिका अगाशे, दोनो ही थियटर से जुड़े हुए हैं। रसिका को जहां थियटर से बेइंतिहा प्यार है, वही जीशान ने अब तक के अपने फिल्मी सफर में कई शानदार फिल्मों में बेहतरीन रोल्स किए हैं। दोनों आज सेटल्ड हैं और अपनी शादीशुदा जिंदगी को एंज्वॉय कर रहे हैं। जीशान अय्यूब और रसिका ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया है। जिसमें दोनों ने अपनी लाइफ से जुड़े कई किस्सों का खुलासा किया है।
जीशान अय्यूब और रसिका दोनों कॉलेज के दिनों से ही दोस्त हैं। दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से दोनों ने एक्टिंग की तालीम हासिल की है। एनएसडी पास्ड आउट होने के बाद दोनों ने पहले अपनी दोस्ती को शादी में बदल दिया और फिर मुंबई अपने सपनों को पूरा करने के लिए आ गए। मुंबई आने के बाद दोनो पति पत्नी का असली संघर्ष शुरू हुआ। यूट्यूब चैनल के लिए सिध्दार्थ कनन को दिए अपने हाल ही के इंटरव्यू में दोनों ने फिल्मी ब्रेक और संघर्ष के दिनों को यादकर कई मजेदार किस्से बताए।
जीशान अय्यूब ने यहां ये भी बताया कि दोनों मुंबई 40 हजार रूपये लेकर आए थे। आधा पैसा मकान किराए पर दिलाने के लिए ब्रोकर ने ले लिया था और आधा पैसा एडवांस किराये में चला गया। एक समय ऐसा भी आया था कि दोनों के पास दो रूपये तक नहीं थे ताकि उससे वो एक प्रिंट आउट ले सके। ऐसे समय में उनके एक दोस्त ने साथ दिया और एक एक्टिंग स्कूल का स्लैबस तैयार करने के एवज में एक संस्था के मालिक से 15 हजार रूपये दिलवाए। जिससे जीशान और उनकी वाइफ को थोड़ी राहत मिली थी।
इस इंटरव्यू में दोनों ने ये भी बताया कि मुंबई में आने के कुछ दिनों बाद ही जीशान की वाइफ को टीवी सीरियल में काम मिल गया था लेकिन जीशान को काम पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन एक बार जब काम मिला, तो फिर मिलता गया। जीशान और रसिका की शादी के 15 साल से ज्यादा का समय हो गया है। दोनों आज अपनी लाइफ को एंज्वॉय कर रहे हैं।

