Annu Kapoor की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हुए एक्टर

मशहूर अभिनेता अन्नू कपूर को सीने में दर्द के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब उनकी हालत स्थिर है और तेजी से सुधार हो रहा है

Annu Kapoor Health Update: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और होस्ट अन्नू कपूर (Annu Kapoor) की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अन्नू कपूर को गुरूवार सुबह दिल्ली के सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत अब स्थिर है और वह अच्छी तरह से रिकवरी कर रहे है। अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने अभिनेता के स्वास्थ्य का अपडेट देते हुए कहा कि वह अब ठीक हैं।

सूत्रों के मुताबिक अन्नू कपूर को सीने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभिनेता को सर गंगा राम अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज डॉ. सुशांत वट्टल कर रहे हैं। डॉ. सुशांत ने कहा कि अभिनेता की तबीयत अब ठीक है और उनमें सुधार हो रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अन्नू कपूर को हार्ट अटैक आया था। लेकिन इस बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अन्नू कपूर डॉक्टरों की निगरानी में हैं और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। अभिनेता ने अपने करियर की शुरुआत 1979 में एक स्टेज कलाकार के रूप में की थी। उन्होंने 22-23 की उम्र में 70 साल के बुजुर्ग का किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए उन्हें काफी शोहरत मिली। एक अभिनेता और होस्ट होने के अलावा, अन्नू कपूर एक गायक, निर्देशक और रेडियो जॉकी भी हैं। अन्नू कपूर की मेमरी की इंडस्ट्री में खूब तारीफ की जाती है। उन्हें इंडस्ट्री के बारे में बहुत कुछ पता है। उन्हें अपने करियर में 2 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 1 फिल्मफेयर पुरस्कार और 2 भारतीय टेलीविजन अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा उन्हें कई अन्य पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है।

अन्नू कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत अमिताभ बच्चन और शशि कपूर स्टारर फिल्म ‘काला पत्थर’ से की थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कई बड़ी फिल्मों में काम किया। 4 दशक लंबे फिल्मी करियर में अन्नू कपूर ने इंडस्ट्री के कई छोटे-बड़े सितारों के साथ काम किया है। उन्होंने अक्षय कुमार, आयुष्मान खुराना और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर की है। आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ में अन्नू कपूर ने उनके पिता का किरदार निभाया था। अब वह ‘ड्रीम गर्ल 2’ में भी नजर आने वाले हैं। फिल्म का निर्देशन राज शांडिल्य कर रहे हैं और यह फिल्म 29 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़े: देशभक्ति फिल्में बनाते बनाते ऐसे Manoj Kumar को मिला था Bharat Kumar का खिताब

ताज़ा ख़बरें