Mother’s Day पर Geetanjali Mishra और Shubhangi Atre जैसे कलाकारों ने किया रिएक्ट, मां से मिली अनमोल सीख को फैन्स से किया शेयर

इंटरनेशनल मदर्स डे के इस खास मौके पर एण्डटीवी के कलाकारों ने अपनी माँ से मिली जिंदगी की अनमोल सीखों को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे वे आज भी उन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाते हैं

Geetanjali Mishra & Shubhangi Atre On Mothers Day: माँ और बच्चे के बीच का रिश्ता सबसे मजबूत और गहरा होता है। माँ की सीख और संस्कार ही बच्चे के भविष्य की नींव रखते हैं। इंटरनेशनल मदर्स डे के इस खास मौके पर एण्डटीवी के कलाकारों ने अपनी माँ से मिली जिंदगी की अनमोल सीखों को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे वे आज भी उन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाते हैं। इन कलाकारों में शामिल हैं- विक्रम द्विवेदी (‘भीमा‘ के विशंभर सिंह), गीतांजलि मिश्रा (‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश) और शुभांगी अत्रे (‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अंगूरी भाबी)।

विक्रम द्विवेदी, यानी ‘भीमा’ के विशंभर सिंह, कहते हैं,“मेरी माँ हमारे परिवार की भावनात्मक रीढ़ रही हैं। उन्होंने मुझे धैर्य की ताकत और मौन की शक्ति सिखाई है। मैंने उन्हें सबसे मुश्किल हालात को भी बेहद शांति और करुणा से संभालते देखा है। एक सीख जो हमेशा मेरे साथ रही है, वह यह कि ‘दया एक ऐसी चीज है, जो हर दौर में लोगों का दिल जीतती है।‘ उनकी सादगी और ज़मीन से जुड़े स्वभाव ने मुझे न सिर्फ एक इंसान के तौर पर, बल्कि एक अभिनेता के रूप में भी प्रभावित किया है। आज भी जब कोई बड़ा शूट या ऑडिशन होता है, तो उनकी कही बात याद आती है कि ‘अपना बेस्ट दो और बाकी किस्मत पर छोड़ दो।’ इस मदर्स डे पर मैंने प्लान किया है कि माँ को सरप्राइज़ देने उनके घर जाऊँ, क्योंकि कई बार हमारी मौजूदगी ही सबसे बड़ा तोहफ़ा होती है।”

गीतांजलि मिश्रा, ऊर्फ ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश ने कहा, ‘मेरी माँ मेरी पहली गुरु और हमेशा मेरी मार्गदर्शक रही हैं। उन्हीं से मैंने सीखा कि हालात चाहे जैसे भी हों, हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। जब-जब मैंने खुद पर भरोसा खोया, माँ ने मुझे आत्मविश्वास दिया। उनकी एक बात जो हमेशा मेरे दिल में रही वह कि ‘जब छोड़ देने का मन करे, तो याद करो कि शुरुआत क्यों की थी।’ ज़िंदगी के हर उतार-चढ़ाव में यही सोच मेरा सहारा बनी। घर, रिश्ते और अपनी पहचान को जिस खूबसूरती से माँ ने संभाला है, वह आज भी मुझे प्रेरणा देता है। इस मदर्स डे पर मैं पूरा दिन उन्हें स्पेशल फील कराने में की कोशिश करूंगी, क्योंकि वो हर खुशी और प्यार की हक़दार हैं।‘‘

शुभांगी अत्रे ऊर्फ ‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अंगूरी भाबी ने कहा, माँ का प्यार सबसे निस्वार्थ और सच्चा होता है, और मुझे वो भरपूर मिला है, ये मेरी सबसे बड़ी खुशी है। मेरी माँ ने हमेशा मुझे बड़ा सपना देखने के लिए प्रेरित किया, लेकिन साथ ही विनम्र बने रहने की सीख भी दी। उनका जीवन में अनुशासन और अपनेपन का खूबसूरत संतुलन है। आज भी जब कभी मन डगमगाता है, तो उनकी आवाज़ मेरे ज़ेहन में गूंजती है कि ‘ज़मीन से जुड़े रहो और शुक्रगुज़ार बनो।’ उन्होंने मुझे जो सबसे सुंदर सीख दी, वो ये है कि ‘अगर सफलता पाकर भी खुद को खो दो, तो वो सफलता किसी काम की नहीं।’ मैं भी कोशिश करती हूँ कि अपनी बेटी के लिए वही सहारा और खुशियों का स्तंभ बन सकूँ, जो मेरी माँ मेरे लिए रहीं। इस खास दिन पर मैं सभी मांओं को, और खुद को भी (मुस्कुराते हुए), दिल से हैप्पी मदर्स डे कहना चाहूंगी!”

ये भी पढ़े: Fawad Khan के बाद पाकिस्तानी फॉलोअर्स पर भड़की Rupali Ganguly, बोली आप मुझे अनफॉलो कर सकते हैं

Latest Posts

spot_img

you may like