Farah Khan Mother Death News: कोरियोग्राफर से निर्देशक बनी फराह खान और साजिद खान की मां मेनका ईरानी अब हमारे बीच नहीं रही। इस बात की जानकारी फराह खान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से दी है। मां के निधन से भावुक हुई फराह खान ने कभी मां के साथ बहुत बुरे दिन गुजारे थे। फराह खान के पिता कामरान खान की डेथ के बाद अचानक परिवार कर्ज में डूब गया था। उसके बाद मां के कहने पर फराह खान ने कोरियोग्राफी में सहायक के तौर पर काम करना शुरू किया और मणिरत्नम की फिल्म दिल से के गाने चल छैंया छैंया की कामयाबी ने फराह खान को शोहरत की बुलंदी पर पहुंचा दिया और तभी से फराह खान ने पीछे मुडकर नहीं देखा है।
मेनका, डेजी और हनी ईरानी की बहन थी। मेनका ईरानी ने भी अपनी बहनों की तरह ही फिल्मों में काम किया था। वो फिल्म बचपन में बतौर एक्ट्रेस नजर आई थी। जिसमें सलमान खान के पिता सलीम खान भी जुड़े थे। बाद में मेनका ईरानी ने फिल्म मेकर कामरान खान से शादी कर ली थी। कामरान खान की फिल्में एक समय अच्छी नहीं चल रही थी। जिसकी वजह वो टेंशन में नशे में डूब गए थे और सारा पैसा धीरे धीरे खत्म होने लगा था। इस बारे में साजिद खान ने एक शो में बताया था कि कैसे उनके पिता का निधन हुआ था और फिर पैसे इकठ्ठा कर उन्होने पिता का अंतिम संस्कार किया था। उसके बाद परिवार कर्ज में डूब गया था। बाद में साजिद और फराह खान की कामयाबी ने घर को संभाला।
जानकारी के मुताबिक अभी हाल ही में फराह खान की मां ने अपने 79वां जन्मदिन सेलीब्रेट किया था। इस बारे में खुद फराह खान ने अपने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी। मैं हूं ना की निर्देशक ने लिखा था कि ‘हम सभी अपनी माओं को हल्के में लेते हैं, खासकर मैं। लेकिन अब खुलासा हो गया है कि मैं अपनी मां मेनका से कितना प्यार करती हूं.. वह अब तक की सबसे मजबूत, सबसे बहादुर इंसान हैं। कई सर्जरी के बाद भी उनका सेंस ऑफ ह्यूमर बरकरार है। जन्मदिन मुबारक हो मां!’
ये भी पढ़े: पिता सुपरस्टार, खुद महाफ्लॉप, 4 साल में ही बॉलीवुड छोड़ विदेश भागी ट्विंकल खन्ना की छोटी बहन!

