अपनी सुरीली आवाज से लोगों को दीवाना बना देने वाली मशहूर सिंगर अलका याग्निक इन दिनों एक खतरनाक बीमारी से जूझ रही है। जी हां… इस बात का खुलासा खुद अलका याग्निक ने सोशल मीडिया के माध्यम से किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें सुनाई देना बंद हो गया है जिसकी वजह से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तो चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर किया खुलासा
बता दें, अल्का याग्निक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी इस बीमारी का खुलासा किया। उन्होंने लिखा कि, “मेरे सभी फैंस, दोस्तों, फॉलोअर्स और शुभचिंतकों के लिए। कुछ हफ्ते पहले मैं एक फ्लाइट से उतरी तो मुझे महसूस हुआ कि मुझे कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा है। इस घटना के कई हफ्तों बाद थोड़ी हिम्मत जुटाकर अब मैं अपने दोस्तों और शुभचिंतकों को इस बारे में बता रही हूं, जो मुझसे लगातार पूछ रहे हैं कि मैं कहां गायब हूं। मेरे डॉक्टर्स ने एक रेयर सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस डायग्नोज किया है, जो मुझे एक वायरल अटैक की वजह से हुआ है। अचानक से हुई इस घटना ने मुझे शॉक कर दिया है। मैं खुद इसे स्वीकार करने की कोशिश कर रही हूं और चाहती हूं कि इस बीच आप सभी मुझे अपनी दुआओं में याद रखें।”
आगे सिंगर ने लिखा कि, “किसी दिन मैं अपनी प्रोफेशनल लाइफ से, हेल्थ को होने वाले नुकसान पर बात जरूर करूंगी। आप सबके प्यार और सपोर्ट से, मैं फिर से अपना जीवन पटरी पर लाने की उम्मीद करती हूं। जल्द ही फिर आपके सामने आने की कामना करती हूं। इस नाजुक मौके पर आपका सपोर्ट और अंडरस्टैंडिंग मेरे लिए बहुत मायने रखती है।”
सेलेब्स ने जताया दुःख
बता दे जैसे ही अल्का याग्निक ने अपनी इस बीमारी का खुलासा किया तो हर कोई हैरान रह गया। बॉलीवुड सेलिब्रिटी से लेकर आम जनता उनके लिए दुख जाहिर कर रही है। वही मशहूर प्लेबैक सिंगर सोनू निगम ने कमेंट करते हुए लिखा कि, “मुझे पता था कि कुछ गलत हुआ। मैं जल्द ही वापस आकर आपसे मिलूंगा। आपके जल्द रिकवर होने की कामना करता हूं।” वहीं मशहूर इला अरुण ने लिखा कि, “यह सुनकर बहुत बुरा लग रहा है। प्यारी अलका मैंने पहले सिर्फ फोटो देखकर ‘ब्यूटीफुल’ कमेंट कर दिया था पर फिर मैंने कैप्शन पढ़ा तो बहुत दुख हुआ। दुआ करती हूं कि आप जल्द ठीक हो जाएं।” इसके अलावा भी कई लोगों ने अल्का के लिए दुआ मांगी साथ ही उनका हौसला बढ़ाया।
बता दें, अल्का याग्निक बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर प्लेबैक सिंगर है जिन्होंने अपने करियर में 25 से ज्यादा भाषाओं में करीब 21 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। इसके अलावा उन्हें 2 नेशनल अवार्ड और 7 फिल्मफेयर अवार्ड अपने नाम कर चुकी है।

