Bhojpuri Actor Brijesh Tripathi Passes Away: बॉलीवुड और भोजपुरी सहित कई भाषाओं में सैकड़ों फिल्में कर चुके मशहूर अभिनेता बृजेश त्रिपाठी का मुम्बई के कांदिवली में उनके निवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे लगभग 72 साल के थे और विगत 46 सालों से फ़िल्म जगत में सक्रिय थे । बृजेश त्रिपाठी ने अमिताभ बच्चन शाहरुख खान, सलमान खान, रजनीकांत सहित तमाम बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर किया था । भोजपुरी फिल्मों की बात करें, तो उन्होंने भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री के दोनों दौर को काफी नजदीक से देखा और महसूस किया था ।
बृजेश त्रिपाठी ने भोजपुरी फिल्मों में मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल यादव, पवन सिंह व खेसारी लाल यादव सहित तमाम लोगों के साथ काम किया था। उनके अचानक यूँ हीं चले जाने से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है । उनके निधन पर फ़िल्म अभिनेता व गोरखपुर से सांसद रवि किशन कहते हैं कि बृजेश त्रिपाठी जी के साथ हमने लगभग 100 फिल्में किया था। उनके निधन से सिनेमा जगत को गहरा धक्का लगा है।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने, तो उन्हे दो हफ्ते पहले डेंगू हुआ था। जिसका इलाज यूपी के मेरठ में चल रहा था लेकिन कुछ दिनों पहले ही वो मुंबई आए हैं और यहां अपना इलाज करवा रहे थे। वो मुंबई में अपने घर पर ही थे। जब उन्हे दिल का दौरा पड़ा। फिर उन्हे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक आज ही बृजेश त्रिपाठी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बृजेश त्रिपाठी ने अपने भोजपुरी करियर का आगाज़ फिल्म सईंया तोहरे कारण से किया था और 1980 में हिंदी सिनेमा की फिल्म टैक्सी चोर की थी। भोजपुरी व हिंदी फिल्मों के अलावा दूसरी कई भाषाओं की फिल्मों में काम करने के साथ ही टेलीविजन पर भी बृजेश त्रिपाठी ने काम किया है। फिल्म अभिनेता रवि किशन को ब्रेक देने का श्रेय इन्ही को जाता है। बृजेश त्रिपाठी को भोजपुरी फिल्मों का भीष्म पितामह कहा जाता है।