Arvind Akela Kallu New Song Dil Hamaar Tootal: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में फिल्मों से ज्यादा भोजपुरी सितारों का वीडियो गाना आए दिन रिलीज होता रहता है। मजेदार बात ये है कि रिलीज होते ही ये गाने ट्रेंडिंग में आ जाते हैं। खेसारी,पवन,दिनेश लाल आदि के बाद इस लिस्ट में रितेश,प्रदीप पांडे और अरविंद अकेला कल्लू के गाने भी शामिल हैं। हाल ही में भोजपुरी एक्टर सिंगर अरविंद अकेला कल्लू का नया गाना दिल हमार टूटल रिलीज हुआ है। जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।
दिल हमार टूटल में अरविंद अकेला कल्लू के साथ पूजा चौरसिया परदे पर नजर आई हैं। दोनों की केमिस्ट्री परदे पर देख फैन्स पागल हो गए हैं। इस सैड गाने को अरविंद अकेला कल्लू ने अपनी आवाज से सजाया है तो गीत धरम हिंदुस्तानी ने लिखा है। जबकि संगीत साजन मिश्रा का है। इस गाने को टी-सीरीज हमार भोजपुरी चैनल पर रिलीज किया गया है। कल्लू इस गाने में रो रोकर अपने दिल की बात कह रहे हैं। जबकि वो जिससे प्रेम करते हैं, वो दूसरे की बाहों में नजर आती है।
इस भावुक गाने के बारे में बात करते हुए अरविंद अकेला कल्लू ने कहा कि यह उस रिश्ते की कहानी है, जो झूठ और फरेब पर टिकी है। ऐसी कहानी आजकल अक्सर देखने को मिलती है। फिर चाहे वो लड़का हो या लड़की, जिसका भी दिल टूटता है, तो बहुत गहरा धक्का लगता है। दिल रो रोकर टूटकर चकनाचूर हो जाता है और ये गम फिर बहुत पीड़ा दायक होता है। सोशल मीडिया पर इस गाने को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
अरविंद अकेला कल्लू के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वो आजकल यूपी के बस्ती जिले में फिल्म भूलक्कड़ की शूटिंग में बिजी हैं। इससे पहले कल्लू ने संकट मोचन हनुमान की शूटिंग अयोध्या में पूरी की है। ये फिल्में जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।