Sushant Singh Rajput Used To Get Upset With People Easily: बॉलीवुड के दिवंगत सुपरस्टार सुशांत सिंह राजपूत जिन्होंने साल 2020 में आत्महत्या करके इस दुनिया को अलविदा कह दिया था, उनके निधन को लगभग चार साल पूरे हो गए हैं। सुशांत के फैंस आज भी अभिनेता को याद करते हैं। सुशांत राजपूत के निधन के बाद उनकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा (2020) आई थी, जोकि दर्शकों को काफी पसंद आई थी। इसी फिल्म को बनाने वाले उनके दोस्त मुकेश छाबड़ा ने बताया है कि सुशांत सिंह राजपूत काफी जल्दी दुखी हो जाते थे।
मुकेश छाबड़ा ने हाल ही में द लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में सुशांत सिंह राजपूत पर अपने विचार रखते हुए कहा कि, “वह बहुत आसानी से प्रभावित हो जाते थे। वह लोगों से बहुत जल्दी परेशान हो जाते थे। अगर वह अपने बारे में कोई नेगेटिव चीज पढ़ते थे तो वह बहुत परेशान हो जाते थे। वह एक अति संवेदनशील व्यक्ति थे, हम सभी भी हैं।”
मुकेश ने यह भी बताया कि अगर उन्हें पता होता है कि सुशांत सिंह राजपूत की मनोस्थिति में यह सब चीजें चल रही थीं, तो वे अभिनेता से मिलकर इन बारे में जरूर बात करते। मुकेश ने कहा कि, ‘’यह सबकुछ कोविड-19 महामारी के दौरान हुआ था। अगर मुझे पता होता कि वह किस दौर से गुजर रहा है, तो मैं जाकर उससे बात करता। हम अक्सर मिलते रहते थे। उनकी पहली फिल्म से लेकर आखिरी फिल्म तक हमारा रिश्ता मजबूत रहा।’’
बता दें कि, सुशांत राजपूत की डेब्यू फिल्म ‘काई पो छे’ (2013) के लिए मुकेश छाबड़ा ने ही कास्टिंग की थी। इस फिल्म के लिए मुकेश ने ही उनका ऑडिशन लिया था और इस फिल्म के लिए अभिनेता को सिलेक्ट किया था। सुशांत ने इस फिल्म बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया और इसी फिल्म से स्टार बन गए थे। इस फिल्म के एक-दो साल बाद सुशांत ने कई हिट फिल्मों में काम किया और बॉलीवुड में अपने आप को एक सुपरस्टार के रूप में स्थापित कर लिया। लेकिन अभिनेता ने साल 2020 में आत्यहत्या का कदम उठाकर बहुत ही जल्द इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
ये भी पढ़ें: फैंस के लिए खुशखबरी Bobby Deol, Animal 2 (Animal Park) में भी आयेंगे नजर, अभिनेता ने खुद दिया इतना बड़ा संकेत