Randhir Kapoor ने अपनी पहली ही फिल्म में पिता और दादा को एक साथ कास्ट करने का उठाया था जोखिम

हिंदी सिनेमा के पहले शोमैन राज कपूर के सबसे बड़े बेटे रणधीर राज कपूर का आज जन्मदिन है। 15 फरवरी 1947 को पैदा हुए रणधीर कपूर अब 75 साल के हो चुके हैं

Randhir Kapoor Birthday: हिंदी सिनेमा के पहले शोमैन राज कपूर के सबसे बड़े बेटे रणधीर राज कपूर का आज जन्मदिन है। 15 फरवरी 1947 को पैदा हुए रणधीर कपूर अब 75 साल के हो चुके हैं। रणधीर कपूर आज भले ही फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं, पर एक समय उनके निर्देशन और अभिनय के सभी दीवाने थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब रणधीर पिता राज कपूर के पास काम मांगने गए, तब राज कपूर ने बेटे से दो टूक कह दिया कि भले ही इस कंपनी के तुम वारिस हो। तुम्हे यहां काम तभी मिलेगा, जब तुम बाहर से काम सीखकर आओगे। पिता के इस आदेश का पालन भी रणधीर कपूर ने किया। रणधीर ने फिर कई निर्देशकों के सहायक के तौर पर काम सीखा और फिर अपनी पहली फिल्म बनाने की ठान ली। पिता राजकपूर और दादा पृथ्वीराज कपूर ने मना भी किया लेकिन जिद्दी रणधीर ने तब किसी की एक नहीं सुनी और अपने मन के मुताबिक काम किया।

रणधीर कपूर कपूर खानदान के एकलौते ऐसे शख्स हैं, जिन्होने तब अपने पिता राजकपूर और दादा पृथ्वीराज कपूर को एक साथ कास्ट करने की हिम्मत की और उस फिल्म के निर्देशन की कमान खुद संभाली। इतना ही नहीं फिल्म में खुद बतौर हीरो अपने अभिनय का आगाज़ भी किया। फिल्म थी कल आज और कल। शुरू शुरू में इस फिल्म में राज कपूर काम करने को तैयार नहीं हुए, लेकिन बाद में बेटे की खातिर वो मान गए। कल आज और कल में तीन पीढ़ियां एक साथ नजर आई। 1971 में रिलीज ये फिल्म लोगों ने खूब पसंद की और फिर रणधीर कपूर ने कई फिल्में एक साथ करनी शुरू कर दी। इसके बाद जीत,रामपुर का लक्ष्मण और जवानी दीवानी जैसी सफल फिल्में रणधीर कपूर की रिलीज हुई।

फिल्मों में मिलती कामयाबी के साथ ही रणधीर कपूर को कल आज और कल की लीड एक्ट्रेस बबीता से प्यार भी हो गया। जिससे वो पहली बार फिल्म संगम के सेट पर मिले थे। रणधीर ने बबीता से शादी करने के लिए कपूर खानदान से बगावत कर ली। जबकि बबीता ने भी अपने फिल्मों करियर को छोड़ कपूर खानदान की बहू बनना स्वीकार कर लिया। करीब एक दशक तक सब कुछ सही चला लेकिन इसके बाद असफल होती फिल्मों ने रणधीर कपूर को शराब के दलदल में ढकेल दिया। शराब की लत में डूबे रणधीर को फिर न बबीता की चिंता थी और न ही बच्चों की। रणधीर की इसी आदत से परेशान होकर बबीता रणधीर को छोड़ अलग रहने लगी। रिपोर्ट्स की माने तो बबीता और रणधीर में बेटियों के करियर को लेकर भी झगड़े होने लगे थे। बबीता अपने बेटियों को एक्ट्रेस बनाना चाहती थी जबकि रणधीर परिवार की परंपरा का हवाला देकर इसके खिलाफ थे।

बबीता ने वही किया, जो वो करना चाहती थी। पहले करिश्मा को एक्ट्रेस बनाया फिर करीना को फिल्म रिफ्यूजी के जरिए लॉन्च किया। दोनों ने ही अपनी एक्टिंग से सभी को प्रभावित किया और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हो गई। हालाकि अब दोनों ने परिवार की खातिर फिल्मों से थोड़ी दूरी बना ली है। समय के साथ ही रणधीर और बबीता भी करीब आए और बेटियों की खातिर हमेशा एक दूसरे का साथ देते रहे। रणधीर ने एक बार एक इंटरव्यू में इस बारे में बात भी की थी कि एक समय ऐसा था कि उनके पास बेटियों के ट्यूशन फीस के पैसे नहीं थे। रणधीर कपूर आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। ऐसे में उनके फैन्स उन्हे जन्मदिन की मुबारकबाद भेज रहे हैं।

ये भी पढ़े: Gadar 2 के मोशन पोस्टर में फिर दिखी Sunny Deol और Amish Patel की सिज़लिंग केमिस्ट्री

ताज़ा ख़बरें